नहर से 10 वर्षीय बच्चे का शव बरामद, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
नहर से 10 वर्षीय बच्चे का शव बरामद, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप


किशनगंज, 19 अगस्त (हि.स.)। कोचाधामन थाना क्षेत्र के सुंदरबाड़ी और दांती के बीच बुधवार सुबह नहर से 10 वर्षीय बच्चे का शव बरामद किया गया। मृतक गरगांव पंचायत अंतर्गत सारोगोरा गांव निवासी नदीम आलम के पुत्र उमर फारूक है। उमर पांचवीं कक्षा का छात्र था। शव मिलने की सूचना पर मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों के अनुसार उमर मंगलवार सुबह घर से निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा। काफी समय तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। बुधवार सुबह सुंदरबाड़ी और दांती के बीच सड़क किनारे पानी की नहर में उसका शव मिला। स्थानीय लोगों ने शव को देखकर हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि बच्चे की हत्या कर शव को सड़क से करीब पांच मीटर दूर नहर में फेंका गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक शव के पास एक आइसक्रीम की गाड़ी, एक बैटरी और एक बड़े व्यक्ति की चप्पल भी मिली है। इन सामानों की बरामदगी के बाद घटना को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि इन वस्तुओं का घटना से क्या संबंध है, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

सूचना मिलते ही कोचाधामन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेजा। थाना अध्यक्ष ने बताया कि बच्चे के शरीर पर कई निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

इधर, सदर अस्पताल पहुंचे कोचाधामन के पूर्व विधायक मास्टर मुजाहिद आलम ने भी शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर मामले का शीघ्र उद्भेदन और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।

मौके पर सुंदरबाड़ी पंचायत के चेयरमैन सकेबालम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पूर्व में भी आपराधिक घटनाएं होती रही हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story