17 दिन बाद गंडक नदी से मिला 11 वर्षीय गौतम का शव*
पश्चिम चंपारण (बगहा),20 अगस्त (हि.स.)।
बगहा नगर परिषद के वार्ड संख्या-26 स्थित दूबे टोला निवासी तुलसी तुरहा के 11 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार का शव 17 दिन बाद बुधवार की शाम गंडक नदी के रतनमाला घाट से बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को नदी से बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही गौतम की मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बताया जाता है कि विगत दो अगस्त की सुबह गौतम अपने पड़ोसी शिवम गुप्ता के घर गया था।
इसके बाद वह वापस नहीं लौटा और उसका कोई अता-पता नहीं चल सका। काफी खोजबीन के बावजूद गौतम का सुराग नहीं मिलने से परिजन और स्थानीय लोग लगातार चिंतित रहे।
गौतम के लापता होने के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश भी देखा गया था। उसकी बरामदगी की मांग को लेकर चार अगस्त को बगहा-बेतिया मुख्य सड़क को जाम कर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। सड़क जाम की सूचना पर स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और लोगों को समझा-बुझाकर आवागमन बहाल कराया गया था।
लगभग ढाई सप्ताह बाद बुधवार की शाम गंडक नदी के रतनमाला घाट से गौतम का शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना को लेकर गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पर टिकी है, जिससे गौतम की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

