बीच गंगा नदी में नाव में अचानक आई खराब, मची अफरातफरी
भागलपुर, 13 मई (हि.स.)। विक्रमशिला सेतु के ध्वस्त हो जाने के बाद से नाव से यात्रा करना लोगों की मजबूरी हो गई। रोजाना हजारों की संख्या में लोग नाव पर सवार होकर नवगछिया और भागलपुर आ रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार को बरारी घाट से महादेवपुर घाट जा रही एक यात्री नाव बीच गंगा नदी में अचानक खराब हो गई। जिससे नाव पर सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। नाव पर बड़ी संख्या में महिला यात्री भी सवार थीं। बीच नदी में नाव करीब दो घंटे तक फंसी रही।
बताया जा रहा है कि नाव पर यात्रियों के साथ कई मोटरसाइकिलें भी थीं। इसी दौरान नाव का इंजन अचानक बंद हो जाने के बाद चालक और स्थानीय लोग उसे चालू करने का प्रयास करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। बीच नदी में नाव फंसने से यात्रियों में डर का माहौल बन गया। खासकर महिला यात्री काफी परेशान हो गई। उधर घटना की सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर नीलू के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पहले महिलाओं समेत कुछ यात्रियों को दूसरी नाव के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में अन्य यात्रियों को भी दूसरी नाव पर शिफ्ट किया गया। हालांकि मोटरसाइकिलों को दूसरी नाव पर लोड करना संभव नहीं हो सका। बचाव दल ने बताया कि खराब नाव के इंजन को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि इंजन चालू हो जाता है तो नाव को महादेवपुर घाट भेजा जाएगा, अन्यथा दूसरी बड़ी नाव से बांधकर टोचन के जरिए गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

