बीच गंगा नदी में खराब हुई नाव, एसडीआरएफ ने सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला

WhatsApp Channel Join Now
बीच गंगा नदी में खराब हुई नाव, एसडीआरएफ ने सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला


भागलपुर, 17 मई (हि.स.)। भागलपुर में बीच गंगा नदी में रविवार को यात्रियों से भरी नाव अचानक खराब हो गई। नाव के बीच धारा में रुकते ही उसमें सवार लोगों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि सवारी से भरी नाव महादेवपुर गंगा घाट से भागलपुर के बरारी गंगा घाट की ओर आ रही थी। इसी दौरान बीच गंगा में नाव का इंजन खराब हो गया ।जिसके बाद नाव बीच धारा में फंस गई। नाव पर मौजूद यात्री घबराने लगे और मदद की गुहार लगाने लगे। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों का सुरक्षित रेस्क्यू किया और नाव को किनारे तक पहुंचाया।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद लोगों के आवागमन के लिए नाव ही मुख्य सहारा बनी हुई है। ऐसे में गंगा घाटों पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story