जन्मदिन पर रक्तदान शिविर आयोजित, 25 से अधिक लोगों ने किया रक्तदान

WhatsApp Channel Join Now
जन्मदिन पर रक्तदान शिविर आयोजित, 25 से अधिक लोगों ने किया रक्तदान


भागलपुर, 06 मई (हि.स.)। भागलपुर के दीपनगर में जन्मोत्सव के खास मौके को मानव सेवा से जोड़ते हुए एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन बुधवार को किया गया।

दीपनगर स्थित समाजसेवी कमल जायसवाल के आवास पर रक्तदान महादान जन्मोत्सव स्पेशल के तहत इस शिविर का आयोजन किया गया। यह विशेष आयोजन रेलवे कर्मचारी पंकज रजक की पुत्री शान्वीश्री के प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर किया गया, जिसे सेवा और समर्पण का रूप दिया गया।

शिविर का संचालन जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल से आए डॉक्टरों की देखरेख में किया गया, वहीं वी केयर संस्था ने भी इसमें सक्रिय सहयोग दिया। इस दौरान 25 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया। इस कैंप की खास बात यह रही कि भीखनपुर निवासी सफीर उद्दीन खान, जो सऊदी अरब में कार्यरत हैं और इन दिनों भागलपुर आए हुए थे, उन्होंने जानकारी मिलते ही शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया।

आयोजकों में कहा कि “रक्तदान महादान है, इससे हम कई लोगों की जान बचा सकते हैं। सभी लोगों को आगे आकर इसमें भाग लेना चाहिए।” कार्यक्रम में समाजसेवी कमल जायसवाल, सुमन सिंह सहित कई गणमान्य और सामाजिक प्रबुद्ध लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में रक्तदान को जीवनदान बताते हुए लोगों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। ऐसे प्रयास न केवल समाज में जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि जरूरतमंदों के लिए जीवन की नई उम्मीद भी बनते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story