रक्त की एक-एक बूंद जरूरतमंद के लिए जीवन का आधार, सेवा भाव से आयोजित हो रहा रक्तदान अभियान : अरुण शंकर प्रसाद

WhatsApp Channel Join Now
रक्त की एक-एक बूंद जरूरतमंद के लिए जीवन का आधार, सेवा भाव से आयोजित हो रहा रक्तदान अभियान : अरुण शंकर प्रसाद


पटना, 27 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के तहत मां ब्लड सेंटर, मां वैष्णो देवी सेवा समिति, दरियापुर की ओर से रक्तदान सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष 17 सितंबर से अब तक यह सेंटर 284 यूनिट रक्तदान किया जा चुका है।

रक्तदान कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेश वर्मा सहित विमल जैन, जगजीवन, रूप नारायण मेहता, जयप्रकाश अमिताभ, संजय तोतला, प्रकाश अग्रवाल, मुकेश हिसारिया, पवन शर्मा, आलोक अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, मोनू खत्री, सुषमा साहू और अजय गुप्ता उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय मंडल के महामंत्री, पदाधिकारीगण एवं शक्ति केंद्र अध्यक्ष ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद के लिए जीवन का आधार बन सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को सेवा और समर्पण के रूप में मनाया जा रहा है। रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा में से एक है। ऐसे अभियान समाज में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बिहार राज्य सूत्री सदस्य राजेश वर्मा ने कहा कि सेवा भाजपा की कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा को प्राथमिकता दी है। रक्तदान सेवा पखवाड़ा इसी भावना को समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं और सामाजिक संगठनों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

मां ब्लड सेंटर के अनुसार, वर्ष 2022 में 16 शिविरों में 401, वर्ष 2023 में 9 शिविरों में 365, वर्ष 2024 में 8 शिविरों में 205 और वर्ष 2025 में 13 शिविरों में 467 यूनिट रक्तदान हुआ। चार वर्षों में कुल 46 शिविरों के माध्यम से 1,438 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

मां ब्लड सेंटर के सेवा कार्यों को वर्ष 2022 में तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया, वर्ष 2023 में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय तथा वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पत्र के माध्यम से सराहना प्राप्त हुई है। ये प्रशंसा-पत्र संस्था के लिए सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रेरणा और जिम्मेदारी का प्रतीक हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story