रक्तदान कर नवजात की बचाई जान, युवाओं ने दिया मानवता का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
रक्तदान कर नवजात की बचाई जान, युवाओं ने दिया मानवता का संदेश


सुपौल, 29 सितंबर (हि.स.)। मानवता की सेवा और जरूरतमंद मरीजों की मदद के उद्देश्य से 26 सितंबर 2026 को सिसौनी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। स्वामी विवेकानंद क्लब, सिसौनी के स्वयंसेवक कुंदन कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में युवाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, सुपौल के तत्वावधान में किया गया।

शिविर के दौरान डॉ. विनय कुमार चाइल्ड केयर हॉस्पिटल, सुपौल में गंभीर अवस्था में इलाजरत एक नवजात बच्चे को तत्काल रक्त की आवश्यकता की जानकारी मिली। बच्चे की जीवनरक्षा के लिए विजय कुमार मंडल ने आगे बढ़कर एक यूनिट रक्तदान किया। उनके इस मानवीय प्रयास से जरूरतमंद परिवार को तत्काल मदद मिली।

रक्तदाता विजय कुमार मंडल ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

स्वयंसेवक कुंदन कुमार ने कहा कि हमारे द्वारा किया गया एक रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद की नई किरण बन सकता है। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में युवाओं को आगे आकर रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना चाहिए।

वहीं जिला युवा अधिकारी वसीम अकरम ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज के हित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

युवाओं को रक्तदान जैसे सामाजिक एवं मानवीय कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने रक्तदान को समाज सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए युवाओं से नियमित रूप से ऐसे अभियानों से जुड़ने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story