सांसद ने अपने जन्म दिवस पर जरूरतमंदों के बीच किया कंबल का वितरण
अररिया, 29 दिसम्बर(हि.स.)।
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने अपने जन्मदिन को सेवा, संवेदना और सामाजिक दायित्व के रूप में मनाते हुए शुभचिंतकों द्वारा श्रीधाम वृंदावन में केक काटकर मंदिर परिसर में मौजूद गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण किया।
अररिया स्थित आवास पर साथी कार्यकर्ताओं द्वारा केक कटवाकर उन्हें जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। वहीं देर रात अररिया कोर्ट रेलवे स्टेशन परिसर में राहगीरों एवं जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण कर जन्मदिन की खुशी साझा की गई, जिसमें अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मौके पर सांसद ने मां काली के अनन्य भक्त, गुरुदेव नानू बाबा जी के आवास पर जाकर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया। दिनभर आवास पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जन्मदिन को उत्सव के रूप में मनाते हुए इस विशेष दिन को और भी यादगार बनाया, जिसके लिए सांसद ने सभी के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।
जन्मदिन के खास मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष आदित्य नारायण झा के नेतृत्व में जिला भाजपा कार्यालय में विशेष आयोजन किया गया, जिसमें नरपतगंज विधायक श्रीमती देवंती यादव की उपस्थिति रही। सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए गरीब एवं असहाय लोगों के बीच कंबल वितरण अभियान चलाया। इसके तहत अररिया स्थित आवास तथा जिला सदर अस्पताल, अररिया में मरीजों एवं जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित किए गए।
इस अवसर पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि जनता का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने जन्मदिन पर मिल रही अपार शुभकामनाओं के लिए अररिया जिले के समस्त जिलावासियों, कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों एवं समर्थकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया तथा जनसेवा के संकल्प को और दृढ़ करने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

