14 मई को किशनगंज में होगा ब्लैकआउट व मॉक ड्रिल
किशनगंज, 07 मई (हि.स.)। जिले में संभावित आपदा से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से 14 मई को विशेष मॉक ड्रिल और संभावित ब्लैकआउट अभ्यास आयोजित किया जाएगा।
इसको लेकर जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विभिन्न विभागों की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान आपदा जैसी परिस्थितियों का कृत्रिम माहौल तैयार किया जाएगा। इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन दल तथा अन्य संबंधित एजेंसियों की तत्परता और समन्वय क्षमता का आकलन करना है।
डीएम ने कहा कि बिजली आपूर्ति, संचार व्यवस्था तथा राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़े विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मॉक ड्रिल के दौरान आम लोगों को भी सुरक्षा उपायों और सतर्कता के बारे में जागरूक किया जाएगा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अभ्यास के दौरान निर्धारित क्षेत्रों में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित की जा सकती है। इस दौरान सायरन बजाए जाएंगे, अलर्ट संदेश प्रसारित किए जाएंगे और राहत-बचाव कार्यों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे ब्लैकआउट और मॉक ड्रिल को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी प्रक्रिया केवल सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है।
मॉक ड्रिल को सफल बनाने के लिए जिले के विभिन्न विभागों के बीच लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि इस अभ्यास से आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी ।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

