सशक्त युवा से ही बनेगा समृद्ध बिहार और विकसित भारत: जितेंद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now
सशक्त युवा से ही बनेगा समृद्ध बिहार और विकसित भारत: जितेंद्र सिंह


कटिहार, 08 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के तत्वावधान में भाजपा जिला कार्यालय में ‘युवा शक्ति संपर्क अभियान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। आज का युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की ताकत और देश के विकास का मजबूत आधार है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर ‘सशक्त युवा, समृद्ध बिहार और विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजयुमो के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने की। इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने कुर्सेला, डूमर और गेड़ाबाड़ी आंबेडकर चौक से लेकर जिला कार्यालय तक जोरदार स्वागत किया। जिला अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और गदा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा 'वंदे मातरम' के गान के साथ हुआ।

समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि जब युवा शक्ति संगठित होती है, तो समाज और राष्ट्र में बदलाव की नई इबारत लिखती है। मंच पर मौजूद अन्य वक्ताओं ने कहा कि यह अभियान युवाओं की आवाज सुनने, उनके विचारों को समझने और उन्हें संगठन व समाज के मुख्य मंच पर नेतृत्व का अवसर देने का सशक्त प्रयास है।

इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, पूर्व एमएलसी राजवंशी सिंह, पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी, प्रदेश मंत्री सीमा झा, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, जिला महामंत्री रामनाथ पांडे, गोविंदा अधिकारी, सौरभ कुमार मालाकार और जिला उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश चौधरी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में भाजयुमो के जिला महामंत्री जोक्शन यादव, सोनू सिन्हा समेत जिले के सभी 34 मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story