भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग आज

WhatsApp Channel Join Now

डेहरी आन सोन, 22 मई (हि.स.)।

जिला भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन 23 एवं 24 मई को किया जाएगा। प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन पथ निर्माण मंत्री ई शैलेन्द्र कुमार डेहरी के स्टेशन रोड स्थित झुनझुनवाला वाटिका में करेंगेl

भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष पटेल ने बताया कि यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक स्पष्टता और राष्ट्रसेवा के भाव के साथ नई ऊर्जा प्रदान करेगा। वर्ग में जिले भर के मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रभारी व अन्य प्रमुख कार्यकर्ता शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद, भाजपा की विचारधारा, केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं, सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग, बूथ प्रबंधन और आगामी चुनावी रणनीति जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। वरिष्ठ पदाधिकारी व प्रशिक्षक कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि मजबूत संगठन, सशक्त रोहतास के नारे के साथ कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने का संकल्प दिलाया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियां पहुंचाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग की सफलता को लेकर भाजपा की जिला टीम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पंजीयन, आवास, भोजन और सत्र संचालन के लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा

Share this story