भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर राज राजेंद्र सिंह ने जताया पीएम मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन का आभार
पटना, 21 अक्टूबर (हि.स.)।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय संगठन में बिहार के युवा नेता राज राजेंद्र सिंह को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने पर उन्होंने पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह दायित्व उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि संगठन के प्रति अपनी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
राज राजेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उन पर विश्वास जताकर जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वह पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे। उनकी कोशिश होगी कि पार्टी नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए युवा मोर्चा को और अधिक सशक्त बनाने तथा युवाओं को संगठन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमंत जोशी तथा भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
इसके साथ ही उन्होंने बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री भिखुभाई दलसानिया का भी मार्गदर्शन, विश्वास और स्नेह के लिए धन्यवाद दिया।
राज राजेंद्र सिंह ने कहा कि संगठन सर्वोपरि है और पार्टी की विचारधारा एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि उन्हें इस दायित्व का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए शक्ति, विवेक और सामर्थ्य प्रदान करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

