वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के त्याग व परिश्रम से ही भाजपा बनी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी : संजय सरावगी

WhatsApp Channel Join Now
वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के त्याग व परिश्रम से ही भाजपा बनी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी : संजय सरावगी


कटिहार, 14 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि जनसंघ काल से लेकर आज तक कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और परिश्रम के बल पर ही भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। वे अपने कटिहार प्रवास के दौरान कोढ़ा में विधायक कविता पासवान के आवास पर आयोजित वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनसंघ के समय संसाधन सीमित थे और राजनीतिक परिस्थितियां अत्यंत विषम थीं, लेकिन कार्यकर्ताओं ने वैचारिक प्रतिबद्धता से कभी समझौता नहीं किया। पुराने कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्यों में राष्ट्रवादी सरकार का जो सपना देखा था, वह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हुआ है। यह सफलता दशकों के सामूहिक संघर्ष की देन है।

समारोह के दौरान संजय सरावगी ने जनसंघ काल के पुराने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर नाश्ता किया और संगठन विस्तार से जुड़े उनके संस्मरण सुने। उन्होंने कहा कि पुराने कार्यकर्ता पार्टी के लिए केवल इतिहास नहीं, बल्कि संगठन की अमूल्य धरोहर और जीवंत प्रेरणा हैं। भाजपा में कोई कार्यकर्ता छोटा या बड़ा नहीं होता; वरिष्ठों का मार्गदर्शन और युवाओं की ऊर्जा मिलकर पार्टी को अजेय बनाती है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से वरिष्ठों के पदचिह्नों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक अंत्योदय और विकास की योजनाएं पहुंचाने का आह्वान किया। इससे पूर्व, कोढ़ा आगमन पर विधायक कविता पासवान के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और गगनभेदी नारों के साथ प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार अभिनंदन किया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story