52 जिलों और 1420 मंडलों में डेढ़ लाख से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं को मिला प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
52 जिलों और 1420 मंडलों में डेढ़ लाख से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं को मिला प्रशिक्षण


पटना, 08 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी, बिहार प्रदेश कार्यालय में सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत मंडल एवं जिला स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण वर्गों के सफल समापन के बाद एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पूरे अभियान की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की।

बैठक में प्रशिक्षण अभियान के केंद्रीय प्रभारी एवं सांसद अमरपाल मौर्य, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, बिहार प्रशिक्षण अभियान के संयोजक मृत्युंजय झा, सदस्य विकास ओझा सहित प्रशिक्षण अभियान से जुड़े सभी पदाधिकारी एवं सदस्य और प्रशिक्षण टोली के सदस्य उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त प्रदेश महामंत्री सरोज रंजन पटेल, धनराज शर्मा, डॉ. प्रीति शेखर, नितिन अभिषेक तथा राजेश झा भी बैठक में मौजूद रहे।

समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेशभर में आयोजित प्रशिक्षण वर्गों की उपलब्धियों, सहभागिता और संगठनात्मक प्रभाव का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। साथ ही सांसदों, प्रदेश पदाधिकारियों तथा अन्य संगठनात्मक दायित्वों से जुड़े कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित होने वाले आगामी प्रशिक्षण वर्गों की कार्ययोजना पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

बैठक प्रशिक्षण के महत्वों को रेखांकित किया गया तथा संगठन में प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा की गई। बैठक में प्रशिक्षण अभियान की सफलता के लिए सभी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी गई।

बैठक में बताया गया कि बिहार भाजपा द्वारा राज्य के सभी 52 संगठनात्मक जिलों में जिला प्रशिक्षण वर्गों का सफल आयोजन किया गया। इन प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से लगभग 20 हजार कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक, वैचारिक, राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। वहीं प्रदेश के 1420 मंडलों में आयोजित प्रशिक्षण वर्गों के जरिए 1.50 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान भाजपा की विचारधारा, संगठन की कार्यपद्धति, जनसंपर्क, सोशल मीडिया, चुनाव प्रबंधन तथा सेवा कार्यों से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में इस बात पर भी विशेष जोर दिया गया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और गरीब कल्याण की उपलब्धियों को कार्यकर्ता प्रभावी ढंग से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। इसके लिए प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने तथा सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया गया।

बैठक के अंत में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 का सफल आयोजन बिहार भाजपा संगठन के लिए नई ऊर्जा, नए संकल्प और आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक अभियानों की मजबूत आधारशिला सिद्ध होगा। यह अभियान संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय तथा जनोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story