भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का किया पुतला दहन
दरभंगा, 12 अक्टूबर (हि.स.)। आयकर चौराहा पर भारतीय जनता पार्टी जिला उपाध्यक्ष अभयानंद झा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने जेएनयू के प्रोफेसर एवं कांग्रेस सांसद डॉ. बिमोल अकोइजम पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों का हवाला देते हुए कांग्रेस नेतृत्व से जवाबदेही की मांग की।
इस अवसर पर अभयानंद झा ने कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मई 2026 में जेएनयू की 11 छात्राओं ने डॉ. बिमोल अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई थीं। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा 9 अक्टूबर को सांसद को नौकरी से बर्खास्त किए जाने संबंधी खबरों का उल्लेख करते हुए मामले में कांग्रेस नेतृत्व की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस को अपने सांसद पर लगे आरोपों के मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सपना भारती ने कहा कि राहुल गांधी को छात्राओं की शिकायतों के मामले में जवाबदेही दिखानी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यक्रम में जिला महामंत्री सुजीत मल्लिक, बालेंदु झा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मुकेश महासेठ, मीना झा, अमरनाथ सिंह, गजेंद्र मंडल, सौरभ सुमन, संतोष झा, पिंटू भंडारी, रिंकू महथा, रेखा देवी, मनीष अग्रवाल, वंदना देवी, मीरा देवी, मुन्नी देवी, रवि चंद्रवंशी, अजय यादव, जय भारद्वाज और विकास साहु सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

