लहसनगंज में भाजपा महिला मोर्चा का विरोध मार्च, कांग्रेस पर राष्ट्रीय गीत के अपमान का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
लहसनगंज में भाजपा महिला मोर्चा का विरोध मार्च, कांग्रेस पर राष्ट्रीय गीत के अपमान का आरोप


अररिया 16 अगस्त(हि.स.)।जिले के लहसनगंज में रविवार को भाजपा महिला मोर्चा की ओर से कांग्रेस के विरोध में मार्च कर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस मुख्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के गायन के समय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आपस में बातचीत करते दिखाई देने के मुद्दे को लेकर विरोध जताया। भाजपा नेताओं ने इसे राष्ट्रीय गीत के सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए कांग्रेस की आलोचना की।

महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह ने कहा कि वंदे मातरम् देश का राष्ट्रीय गीत है और इसका सम्मान सभी को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों और राष्ट्रीय गीत के प्रति सभी राजनीतिक दलों को समान सम्मान का भाव रखना चाहिए।

भाजपा नेत्री नम्रता सिंह तथा महिला मोर्चा की खवासपुर मंडल अध्यक्ष पूनम देवी ने भी कांग्रेस पर राष्ट्रीय गीत के सम्मान की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं और राष्ट्रीय भावना से जुड़े विषयों पर किसी प्रकार का विवाद नहीं होना चाहिए।

विरोध मार्च में शामिल कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह, मंडल अध्यक्ष पूनम देवी, नम्रता सिंह, शोभा देवी, राधा देवी, अंबिका देवी, देवकी देवी सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित थीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story