2047 तक 'विकसित भारत' के निर्माण के लिए स्वदेशी को अपनाना और विदेशी उत्पादों का बहिष्कार जरूरी: राजू गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
2047 तक 'विकसित भारत' के निर्माण के लिए स्वदेशी को अपनाना और विदेशी उत्पादों का बहिष्कार जरूरी: राजू गुप्ता


पटना, 02 अक्टूबर (हि.स.)। 'सेवा संकल्प कार्यक्रम' अभियान में 'सेवा मेरा योगदान' के तहत आज 'वोकल फॉर लोकल' कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय रूप से उत्पादित सामानों का एक भव्य स्टॉल सामुदायिक भवन, कदमकुआं, पटना में लगाया गया।

इस प्रदर्शनी-सह-स्टॉल का आयोजन व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा बिहार द्वारा किया गया, जिसका विधिवत उद्घाटन प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजू गुप्ता एवं अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा बिहार के प्रदेश संयोजक राजू गुप्ता ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प वर्ष 2047 तक भारत को एक 'विकसित भारत' बनाना है।

इस सपने को साकार करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण कदम देश में बने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना और विदेशी सामानों का बहिष्कार करना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से व्यापार प्रकोष्ठ द्वारा यह आयोजन किया गया है।

स्टॉल में स्थानीय सत्तू, खादी के कपड़े, शुद्ध सरसों तेल, मखाना, चावल और मिट्टी से निर्मित कलात्मक वस्तुओं सहित सैकड़ों स्वदेशी उत्पादों को प्रदर्शित किया गया।

इस अवसर पर भाजपा की प्रदेश मंत्री सुषमा साहू विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा के सह संयोजक पंकज केशरी, विक्रम शाह, राजकुमार वैश्य, कोषाध्यक्ष राकेश गुप्ता, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजय मेहता सहित पार्टी एवं व्यापार प्रकोष्ठ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story