‘अंत्योदय’ ही गरीब कल्याण और नए भारत का आधार: मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी

WhatsApp Channel Join Now
‘अंत्योदय’ ही गरीब कल्याण और नए भारत का आधार: मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी


कटिहार, 25 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जारी ‘सेवा संकल्प अभियान’ तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत कटिहार में एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। चिकित्सा प्रकोष्ठ की जिला संयोजक डॉ. रंजना झा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी, पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद तथा भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

शिविर को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को आत्मसात करते हुए सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना ही इस अभियान का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सच्ची जनसेवा है। कार्यक्रम की शुरुआत में संयोजक डॉ. रंजना झा ने मुख्य अतिथि सहित सभी मंचासीन अतिथियों का अंगवस्त्र व पुष्प भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, पूर्व एमएलसी राजवंशी सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष लक्खी महतो, जिला महामंत्री गोविंद अधिकारी, सौरभ कुमार मालाकार, जिला उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश चौधरी, शोभा जायसवाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष अभिषेक सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंका सिंह, आरती चौधरी, बुलबुल सिंह, सोनू सिन्हा, विवेक सिंह, सत्यम समदर्शी और अंबेश यादव सहित कई प्रमुख पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story