भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की जिला बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की जिला बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का संकल्प


कटिहार, 05 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला अनुसूचित जनजाति मोर्चा की बैठक मोर्चा के जिला अध्यक्ष अजीत मुंडा के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय शामिल हुए, जहां कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि अनुसूचित जनजाति मोर्चा भारतीय जनता पार्टी का एक अभिन्न अंग है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे संगठन द्वारा निर्धारित आगामी कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर उतारें तथा सभी 34 मंडलों के मंडल अध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराएं। उन्होंने कहा कि मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जाकर समाज को केंद्र सरकार और बिहार सरकार की लाभकारी योजनाओं की जानकारी देगा और लोगों को जागरूक कर ज्यादा से ज्यादा संख्या में संगठन से जोड़ेगा।

कार्यक्रम की शुरुआत मंचासिन सभी अतिथियों द्वारा डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और वंदे मातरम गान के साथ की गई। इस दौरान प्रथम जिला बैठक में पहुंचे मोर्चा अध्यक्ष अजीत मुंडा का कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वहीं मोर्चा की ओर से जिला अध्यक्ष मनोज राय, जिला महामंत्री रामनाथ पांडे, गोविंदा अधिकारी, सौरभ कुमार मालाकार, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंका सिंह और जिला प्रवक्ता शंभू चौधरी को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story