नीतीश कुमार का दीर्घ राजनीतिक अनुभव, सुशासन की प्रतिबद्धता संसद में बिहार की आवाज को बनाएगी और सशक्त: संजय सरावगी

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 10 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी, बिहार के अध्यक्ष संजय सरावगी ने आज राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण करने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दीर्घ राजनीतिक अनुभव, दूरदर्शी नेतृत्व एवं सुशासन की प्रतिबद्धता निश्चित ही संसद में बिहार की आवाज को और सशक्त बनाएगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश एवं देश के समग्र विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के विकास को नया आयाम दिया है। 2005 से पहले के जंगलराज वाले बिहार को अपने दूरदर्शी नेतृत्व से उन्होंने तेजी से विकास करने वाली राज्यों की श्रेणी में खड़ा कर दिया है। यही नहीं बिहार को विकसित बिहार बनाने की राह को प्रशस्त किया।

उन्होंने कहा कि बिहार नीतीश कुमार के योगदान को कभी नहीं भूल सकता है। उनके मार्गदर्शन में बिहार विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को न्याय के साथ विकास के पथ पर आगे ले जाने की दिशा प्रदान की और सुशासन की नींव को मजबूत किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार का लंबे संसदीय अनुभव अब देश के उच्च सदन राज्यसभा को भी मिलेगा। उन्होंने नीतीश कुमार के सफल, प्रभावशाली एवं जनहितकारी कार्यकाल के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story