भाजपा की क्षेत्रीय वक्ताओं ने कार्यशाला में संगठनात्मक मजबूती पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा की क्षेत्रीय वक्ताओं ने कार्यशाला में संगठनात्मक मजबूती पर दिया जोर


कटिहार, 26 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान क्षेत्रीय वक्ता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज और अररिया जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यशाला का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तेल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर वंदे मातरम और दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री राधा मोहन शर्मा, कार्यशाला के प्रभारी स्वदेश यादव, जिला प्रभारी प्रफुल्ल रंजन वर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान शामिल हुए।

कार्यशाला में मुख्य वक्ता राधा मोहन शर्मा ने कहा कि एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में ऐसे प्रेरणादायी प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल होकर न केवल संगठनात्मक विचारों को समझने का अवसर मिलता है, बल्कि कार्यशैली को और अधिक प्रभावी बनाने का अवसर मिलता है।

कार्यशाला में उपस्थित सभी वक्ताओं ने अपने-अपने संबोधन में प्रशिक्षण के माध्यम से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को उनके आदर्शों को संगठन की शक्ति को कार्यकर्ताओं में स्थापित करने की बात कही। संगठनात्मक मजबूती और विस्तार पर विशेष जोर दिया गया, साथ ही बूथ स्तर तक प्रभावी कार्ययोजना बनाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के विषय पर भी मार्गदर्शन दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए, अंतिम व्यक्ति तक सेवा और विकास पहुँचाने का लक्ष्य हमारा संकल्प है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story