मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भाजपा की तैयारियां तेज, प्रदेश कार्यालय में हुई अहम बैठक

WhatsApp Channel Join Now
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भाजपा की तैयारियां तेज, प्रदेश कार्यालय में हुई अहम बैठक


मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भाजपा की तैयारियां तेज, प्रदेश कार्यालय में हुई अहम बैठक


पटना, 05 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी, बिहार प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आगामी 7 मई को प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार कार्यक्रम तथा पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री के पहली बार बिहार आगमन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी शामिल हुए। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने चर्चा के दौरान कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया एवं पूर्व मंत्री सह विधायक नीतीश मिश्रा भी शामिल हुए। बैठक में कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित एवं ऐतिहासिक बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सरावगी ने कहा कि इस शपथ ग्रहण समारोह में लोजपा (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा सहित बिहार के अन्य केंद्रीय मंत्री और एनडीए के नेता पहुंचेंगे।

उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक गांधी मैदान में इस समारोह को लेकर तैयारियां चल रही हैं। यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा, जहां राज्यपाल मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

इस बैठक में बिहार सरकार के कई पूर्व मंत्री, विधायक, विधान परिषद सदस्य, प्रदेश के पदाधिकारी, सभी मोर्चा के अध्यक्ष, जिला प्रभारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story