बिहार की राजनीति के लिए ऐतिहासिक और गौरव का समय: प्रेम रंजन पटेल

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 06 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री नितीश कुमार का राज्यसभा के लिए नामांकन कर केंद्र की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्णय, बिहार की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत करने के साथ राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों को भी नई गति प्रदान करेगा। उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और संतुलित नेतृत्व का लाभ अब राष्ट्रीय नीति निर्माण में होगा, जिससे बिहार के हितों को और अधिक मजबूती से रखा जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि बिहार के ऊर्जावान युवा नेता नितिन नविन का भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना और राज्यसभा में नामांकन के माध्यम से राष्ट्रीय राजनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बनना पूरे बिहार के लिए गौरव का विषय है। युवा नेतृत्व, संगठनात्मक क्षमता और राजनीतिक अनुभव के साथ वे राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी को नई दिशा देने के साथ-साथ बिहार की जन आकांक्षाओं को मजबूती प्रदान करेंगे।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय, अनुभवी और लोकप्रिय नेता नंद किशोर यादव को राज्यपाल के महत्वपूर्ण दायित्व से सम्मानित किया जाना भी बिहार के लिए गर्व का विषय है। अपने लंबे राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव के कारण वे संवैधानिक पद की गरिमा को और अधिक सुदृढ़ करेंगे तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। यह बिहार के लिए अत्यंत सकारात्मक और प्रेरणादायक स्थिति है कि राज्य से जुड़े अनुभवी, दूरदर्शी और समर्पित नेता राष्ट्रीय राजनीति के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी भूमिका निभा रहे हैं। इससे न केवल बिहार की राजनीतिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी बल्कि विकास, आधारभूत संरचना, उद्योग, शिक्षा और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में राज्य को अधिक अवसर और सहयोग प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा कि बिहार ने हमेशा देश को सशक्त नेतृत्व देने की परंपरा निभाई है। आज भी राज्य के ये सम्मानित नेता राष्ट्रीय मंच पर अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। आने वाले समय में इनके अनुभव, नेतृत्व और समन्वय से बिहार की प्रगति और विकास को नई गति मिलेगी तथा राज्य देश के विकास की धारा में और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।

बिहार की जनता को विश्वास है कि इन सभी सम्मानित नेताओं के संयुक्त प्रयासों से राज्य के विकास, सामाजिक समरसता और आर्थिक उन्नति के नए आयाम स्थापित होंगे और बिहार निरंतर प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story