प्राकृतिक खेती से किसानों की आय बढ़ेगी, पर्यावरण भी होगा सुरक्षित : राहुल तिवारी

WhatsApp Channel Join Now
प्राकृतिक खेती से किसानों की आय बढ़ेगी, पर्यावरण भी होगा सुरक्षित : राहुल तिवारी


सीवान, 20 जून (हि.स.)।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 साल बेमिसाल कार्यक्रम के तहत शनिवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा चाप ढाला स्थित भाजपा जिला कार्यालय में प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे करीब 200 किसानों ने भाग लिया और प्राकृतिक व उन्नत खेती की आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने की। कार्यशाला में कृषि विशेषज्ञों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभ, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने के उपाय, जैविक जीवन के संरक्षण, बहुफसली खेती, बीज एवं फसल विविधता, नमी संरक्षण, कीट एवं रोग प्रबंधन समेत कृषि आधारित अतिरिक्त आय के स्रोतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान किसानों को बताया गया कि प्राकृतिक खेती अपनाने से उत्पादन लागत कम होती है, भूमि की गुणवत्ता में सुधार होता है तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। इसके साथ ही पशुपालन, मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन और सामाजिक वानिकी जैसे सहायक व्यवसायों के जरिए आय बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की गई।

भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों के लिए लाभकारी होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी प्रभावी माध्यम है। भाजपा किसानों को टिकाऊ और आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर पूर्व विधान परिषद सदस्य मनोज कुमार सिंह ने कहा कि प्राकृतिक खेती आज की जरूरत है। इससे खेती की लागत घटती है, मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होती है और किसानों की आय में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं किसानों को नई तकनीकों और बेहतर कृषि पद्धतियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं। कार्यक्रम में शामिल किसानों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए प्राकृतिक खेती को अपनाने में रुचि दिखाई तथा किसानों के हित में संचालित योजनाओं की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story