भाजपा बक्सर में बढ़ा संगठनात्मक संकट, 11 मंडल अध्यक्षों ने दिया इस्तीफा

WhatsApp Channel Join Now

बक्सर, 07 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी बक्सर में संगठनात्मक असंतोष खुलकर सामने आ गया है। जिले के 11 मंडल अध्यक्षों ने अपने-अपने पद से इस्तीफा देते हुए जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन के कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मंडल अध्यक्षों का आरोप है कि जिला अध्यक्ष का रवैया तानाशाहीपूर्ण है तथा वे संगठन के सिद्धांतों और कार्यपद्धति की अनदेखी कर रहे हैं।

इस्तीफा देने वाले मंडल अध्यक्षों का कहना है कि जिला अध्यक्ष मंडलों में आयोजित कार्यक्रमों में संबंधित मंडल अध्यक्षों को दरकिनार कर कार्य करते हैं और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से कोई राय-मशविरा नहीं लेते। आरोप है कि वे संगठन की बैठकों और मंडल प्रवास से भी दूरी बनाए रखते हैं तथा केवल अपने करीबी लोगों को महत्व देते हैं। पूर्व पदाधिकारियों और वर्तमान मंडल अध्यक्षों के प्रोटोकॉल की अनदेखी कर मंच संचालन और कार्यक्रमों में पक्षपात करने का भी आरोप लगाया गया है।

मंडल अध्यक्षों ने यह भी आरोप लगाया कि जिला अध्यक्ष के कार्यकाल में संगठन में गुटबाजी बढ़ी है, कार्यकर्ताओं के बीच मतभेद पैदा हुए हैं तथा संगठनात्मक मर्यादाओं का उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने जिला अध्यक्ष के कार्यकाल की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठाई है।

इस्तीफा देने वालों में चौसा नगर की सविता देवी, चौसा ग्रामीण के प्रकाश राय, पाण्डेय पट्टी के अजय भट्ट, बक्सर नगर के अजय कुमार वर्मा, बक्सर ग्रामीण के अमित कुमार सिंह उर्फ दीपक सिंह, डुमरी के बंसीधर पांडेय, नियाजीपुर के आतिश लाल, चक्की के विनोद कुमार उपाध्याय, बगेन के उदय उज्जैन, कोरानसराय के धर्मेंद्र पांडेय तथा सोनवर्षा के पिंकू कुमार चौबे शामिल हैं।

वही इस मामले को लेकर जब जिला अध्यक्ष से बात हुई तो उन्होंने कहा कि बक्सर में कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण जब चल रहा था तो उसी समय इन लोगों के द्वारा अपना विरोध जताया गया था। परंतु बाद में प्रदेश नेतृत्व के सामने कहा गया कि नहीं हम लोग पार्टी के लिए पार्टी के नियमों के अनुसार चलेंगे परंतु आज जो सामने आई है बात प्रदेश नेतृत्व इसको देखेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story