पूर्णिया में रेल सुविधाओं के लिए विधायक विजय खेमका ने रेल मंत्री से की अहम मुलाकात
पूर्णिया, 03 मई (हि.स.)।
दिल्ली स्थित रेल भवन में विधायक विजय खेमका ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर सीमांचल क्षेत्र, विशेषकर पूर्णिया में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
इस दौरान उन्होंने डिब्रूगढ़ से दिल्ली जाने वाली राजधानी ट्रेनों (12424/12423 और 20505/20506) में से एक का रूट परिवर्तन कर उसे पूर्णिया और सहरसा होते हुए दिल्ली तक संचालित करने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि इससे सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुलाकात के दौरान विधायक ने पूर्णिया जंक्शन एवं पूर्णिया कोर्ट स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना से जोड़कर आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि पूर्णिया एक आकांक्षी और ऐतिहासिक जिला है, लेकिन यहां रेल कनेक्टिविटी अभी भी अपेक्षाकृत सीमित है, जिसे विस्तार की आवश्यकता है।
विधायक खेमका ने जोगबनी से पूर्णिया होते हुए पटना तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के समय में बदलाव करने का भी प्रस्ताव दिया, ताकि यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने पूर्णिया जंक्शन और पूर्णिया कोर्ट पर वाशिंग पिट निर्माण की मांग को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि कटिहार और समस्तीपुर मंडल द्वारा कई बार सर्वे किए जाने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
उन्होंने आग्रह किया कि दोनों में से किसी एक स्थान पर शीघ्र वाशिंग पिट का निर्माण कराया जाए, जिससे लंबी दूरी की नई ट्रेनों के संचालन के साथ-साथ कटिहार–जोगबनी समेत अन्य रूटों की ट्रेनों को पूर्णिया–सहरसा मार्ग से चलाना संभव हो सके।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विधायक की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि पूर्णिया सहित सीमांचल क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्णिया एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक क्षेत्र है और पूर्वोत्तर भारत के विकास को लेकर केंद्र सरकार, विशेषकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रतिबद्ध हैं। आने वाले समय में पूर्णिया में रेलवे क्षेत्र में और भी विस्तार देखने को मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

