भाजपा ने गैर राजनीतिक परिवारों को पार्टी की सदस्यता दिलाई
अररिया 12 अप्रैल(हि.स.)।भाजपा के स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत पार्टी जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा के नेतृत्व में रविवार को गैर राजनीतिक परिवार वालों से मुलाकात कर दर्जनों लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।कार्यक्रम का उद्देश्य गैर-राजनीतिक परिवारों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
मौके पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की विचारधारा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास पर आधारित है, जो समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनका अनुभव और सामाजिक योगदान संगठन को नई दिशा प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में सेवा निवृत्त अंचल अधिकारी रामविलास झा, सेवानिवृत्त प्रोफेसर अमरनाथ झा, प्रमुख व्यवसायी सुनील जैन तथा सामाजिक कार्यकर्ता सह व्यवसायी एवं क्रिकेट जिला एसोसिएशन के सक्रिय सदस्य अमित सेन गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

