अनुशासन, समर्पण और सक्रिय भागीदारी से ही संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है: संजय सरावगी
पटना, 31 मार्च (हि.स.)। बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आज दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान को लेकर विभिन्न जिलों के प्रशिक्षण टीम के साथ बैठक की। बैठक में प्रशिक्षण वर्ग के दौरान संगठन की विचारधारा, नीतियों और आगामी रणनीतियों पर विशेष बल देने की बात करते हुए संगठन की मूल भावना और दिशा को समझाया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बैठक में शामिल लोगों से पार्टी की मूल भावना और दिशा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए अधिक प्रभावी भूमिका निभाने पर जोर दिया। उन्होंने संगठन निर्माण, वैचारिक स्पष्टता और कार्यकर्ता प्रशिक्षण को पार्टी की मजबूती का आधार बताते हुए कार्यकर्ताओं से अनुशासन और सेवा भाव के साथ काम करने पर जोर दिया।
उन्होंने बैठक में मार्गदर्शन करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने जोर दिया कि अनुशासन, समर्पण और सक्रिय भागीदारी से ही संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। प्रशिक्षण में कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता पर बल देते हुए इसे आवश्यक बताया।
उन्होंन कहा कि प्रशिक्षण से पार्टी के मूल्य, आंतरिक लोकतंत्र और समन्वय की समझ बढ़ती है। उन्होंने निरंतर सीखने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि 1420 मंडलों में यह प्रशिक्षण महाअभियान चलेगा, इसके बाद जिलास्तर पर यह अभियान चलाया जाएगा। मंडल स्तर पर यह अभियान 24 घंटों का हो रहा है। इस प्रशिक्षण महा अभियान में विभिन्न विषयों पर जैसे पार्टी का इतिहास, पार्टी की विचारधारा, सोशल मीडिया और एआई पर भी अलग-अलग सत्र आयोजित किये जा रंहे हैं।
इस बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दालसनिया भी मौजूद रहे। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग में इन योजनाओं के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
आज की वर्चुअल रूप से आयोजित इस बैठक में पटना, मुंगेर, बेगूसराय, नालंदा, सीमांचल, कोशी, भागलपुर, चम्पारण, सारण, मगध, शाहाबाद, मिथिला और तिरहुत के क्षेत्रीय वर्ग प्रभारी, सह प्रभारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और जिला प्रशिक्षण टीम के सदस्यों ने भाग लिया। इस बैठक में प्रदेश प्रशिक्षण टीम के सदस्य भी शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

