भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सुनी मन की बात, नशामुक्त युवा और स्वच्छता का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सुनी मन की बात, नशामुक्त युवा और स्वच्छता का दिया संदेश


किशनगंज, 30 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 137वें संस्करण को रविवार को बिहार सरकार माइनॉरिटी कमीशन के उपाध्यक्ष सरदार लखबिन्दर सिंह लक्खा के आवास पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने सामूहिक रूप से सुना।

इस दौरान प्रधानमंत्री के संदेशों पर चर्चा करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वच्छता अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। कार्यक्रम में राकेश गुप्ता, अजय ठाकुर, देव गुप्ता, अंकुश राज, बलदेव सिंह, गगनदीप सिंह, सूरत सरकार सहित समाज के गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। मन की बात में प्रधानमंत्री ने युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास से जुड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने विभिन्न ऐतिहासिक साम्राज्यों और महापुरुषों के योगदान को जानने तथा इतिहास को रोचक तरीके से नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत बताई। साथ ही जन्माष्टमी और विश्वकर्मा पूजा जैसे पर्वों के अवसर पर वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने की अपील की। प्रधानमंत्री ने नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान को गति देने का आह्वान करते हुए युवाओं, विद्यार्थियों, कलाकारों और कंटेंट क्रिएटर्स से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाली रचनात्मक सामग्री तैयार करने की अपील की।

उन्होंने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए विभिन्न स्थानों पर युवाओं और श्रद्धालुओं द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों की सराहना की। साथ ही हर घर तिरंगा, राष्ट्रभक्ति, महिला आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण तथा युवाओं की वैज्ञानिक एवं तकनीकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के बाद सरदार लखबिन्दर सिंह लक्खा ने कहा कि मन की बात समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देती है। युवाओं को नशे से दूर रखने, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाने का संदेश महत्वपूर्ण है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story