ठाकुरगंज के विकास को लेकर भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री को सौंपा मांग पत्र
किशनगंज, 28 मई (हि.स.)। ठाकुरगंज प्रखंड के सर्वांगीण विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर भाजपा जिला प्रवक्ता कौशल किशोर यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को मांग पत्र सौंपा है।
मांग पत्र में क्षेत्र की जनहित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं और विकास योजनाओं को प्रमुखता से उठाया गया है। कौशल किशोर यादव ने मुख्यमंत्री से ठाकुरगंज में राजकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना करने की मांग की है।
उनका कहना है कि सीमांचल क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में लोगों को बाहर जाना पड़ता है। मेडिकल कॉलेज बनने से स्थानीय लोगों को बेहतर इलाज मिलने के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
मांग पत्र में ठाकुरगंज को अनुमंडल का दर्जा देने की मांग भी शामिल है। इसके अलावा बूढ़ी डांगी नदी से अतिक्रमण हटाकर उसके जीर्णोद्धार की दिशा में ठोस पहल करने की अपील की गई है, ताकि बाढ़ और जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने ठाकुरगंज शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए रेलवे ओवरब्रिज निर्माण तथा मुख्य सड़कों के चौड़ीकरण की भी मांग उठाई। वहीं कृषि और बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ठाकुरगंज को पाइनएप्पल सिटी ऑफ बिहार के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया गया है।
पर्यटन विकास को लेकर भी मांग पत्र में कई प्रस्ताव शामिल किए गए हैं। श्री हरगौरी बाबा नाथ मंदिर को शिव सर्किट में शामिल करने तथा क्षेत्र के अन्य पर्यटन स्थलों के विकास की मांग की गई है। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीमावर्ती थानों में एसटीएफ और बीएमपी बल की स्थायी तैनाती की मांग की गई है। इसके अतिरिक्त दिघलबैंक में 220/132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र स्थापित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है।
कौशल किशोर यादव ने कहा कि यदि इन योजनाओं को धरातल पर उतारा जाता है तो सीमांचल क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी तथा स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और सुरक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

