भाजपा नेता पंकज और लोजपा के मनोज ने थामा जदयू का दामन

पटना, 25 मई (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता पंकज राधाकृष्ण सिंह एवं लोजपा नेता सह समाजसेवी मनोज कुमार महतो ने बुधवार को जदयू का दामन थाम लिया। जदयू मुख्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित मिलन समारोह में दोनों नेताओं ने बिहार जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की उपस्थित में जदयू में शामिल हुए।
प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि केंद्र सरकार के गलत नीतियों से भाजपा के अंदर ही कई लोग नाखुश है। यही वजह है कि आज भाजपा में भगदड़ मची हुई है। सच्चे मायनों में संविधान के प्रति समर्पित एवं लोकहित के लिए चिंतित हर व्यक्ति भाजपा से अब अपनी दूरी बनाना चाहता है। उन्होंने कहा कि समाज को बांटकर सत्ता हासिल करना ही भाजपा का एकमात्र उद्देश्य है। इनके पास कोई विकास का मुद्दा नहीं है। भावनात्मक मुद्दों के सहारे भाजपा-आरएसएस जनता को बेरोजगारी, महंगाई, गरीबी जैसे आवश्यक और गम्भीर मुद्दों से ध्यान भटकाए रखना चाहती है।
भाजपा पर सवाल खड़े करते हुए उन्होंने कहा कि आखिर क्यों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रपति जैसे अति महत्वपूर्ण पद की खिल्ली उड़ा रहे है? संसद भवन के उद्घाटन समारोह में राष्ट्रपति को आमंत्रित नहीं करना भाजपा के दलित और महिला विरोधी सोच को उजागर करता है।
पंकज सिंह ने कहा कि जदयू परिवार का हिस्सा बनकर हम खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। भाजपा में कार्यकर्ताओं की कोई इज्जत नहीं है। वहां सिर्फ कार्यकर्ताओं को इस्तेमाल किया जाता है। केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा जनहित के मुद्दों पर बात करने की बजाए सिर्फ हिन्दू-मुसलमान करना जानती है जो कि देशहित में नहीं है। इस दौरान अन्य कई नेताओं ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की।
हिन्दुस्थान समाचार/ चंदा/चंद्र प्रकाश
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।