विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी से साकार करने का आह्वान
दरभंगा, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा से राष्ट्रसेवा की 25 वर्षों की यात्रा के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा जिला दरभंगा की ओर से ओझौल स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में विकसित भारत संकल्प सभा सह सेवा ज्योति कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम प्रभारी अभयानंद झा ने की, जबकि संयोजन युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मुकेश महासेठ ने किया।
मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह बेनीपट्टी विधायक विनोद नारायण झा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष जनसेवा, राष्ट्रसेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के प्रति समर्पण की यात्रा है। उन्होंने कहा कि विकास को केवल सरकार की जिम्मेदारी न मानकर जनभागीदारी का अभियान बनाया गया है।
पूर्व मंत्री सह विधान पार्षद हरि सहनी ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। गौड़ाबौराम विधायक सुजीत सिंह ने सेवा, सुशासन एवं राष्ट्रनिर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। केवटी विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने कहा कि विकास नीति में गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला एवं वंचित वर्ग को केंद्र में रखा गया है।
सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने ओझौल दुर्गा मंदिर परिसर से एकमी चौक तक सेवा ज्योति यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और सेवा, समर्पण, राष्ट्रभक्ति एवं विकसित भारत का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

