ठाकुरगंज में बढ़ती चोरी पर भाजपा ने जताई चिंता, एसडीपीओ से गश्त बढ़ाने की मांग
किशनगंज, 11 जुलाई (हि.स.)। ठाकुरगंज नगर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नगर अध्यक्ष अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को एसडीपीओ-2, ठाकुरगंज को ज्ञापन सौंपकर नगर क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की।
सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि बीते कुछ दिनों से नगर के विभिन्न इलाकों में घरों, मंदिरों, दुकानों और बाजारों को निशाना बनाकर लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं।
इन घटनाओं से आम लोगों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं में भय एवं असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि अब तक अधिकांश मामलों में चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
भाजपा नगर अध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की कि नगर क्षेत्र में विशेषकर रात्रि के समय नियमित और प्रभावी पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए। साथ ही चोरी के सभी मामलों की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
उन्होंने बाजार, प्रमुख चौक-चौराहों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि सात दिनों के भीतर चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं किया गया, आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और पुलिस गश्त में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो नगरवासी एवं जनप्रतिनिधि बाजार बंद कर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर नगर के कई जनप्रतिनिधि, व्यापारी, नगरवासी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

