भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता के खिलाफ कांग्रेस का प्रतिरोध मार्च
सुपौल, 14 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कथित दलित विरोधी मानसिकता, सामाजिक भेदभाव, जातिगत असमानता और संविधान की मूल भावना के साथ हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ सुपौल जिला कांग्रेस कमिटी ने शुक्रवार को जोरदार प्रतिरोध मार्च निकाला। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह जिलाध्यक्ष अनुपम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा और संविधान की प्रस्तावना लेकर सड़क पर उतरकर सामाजिक न्याय और भाईचारे की आवाज बुलंद की।
मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने जातिवाद और छुआछूत के खिलाफ नारे लगाए तथा संविधान के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान कांग्रेस नेता अनुपम ने कहा कि यदि किसी जनसभा में देश की प्रमुख राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के जाने के बाद मंच का हवन और गंगाजल से ‘शुद्धिकरण’ किया जाता है, तो यह केवल राजनीतिक विवाद का विषय नहीं, बल्कि समाज में मौजूद जातिगत भेदभाव और छुआछूत की मानसिकता पर गंभीर सवाल है।
उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे दलित समाज से आते हैं और उन्होंने भारतीय लोकतंत्र में महत्वपूर्ण संवैधानिक जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। ऐसे वरिष्ठ लोकतांत्रिक नेता के प्रति इस प्रकार का व्यवहार सामाजिक समानता, लोकतांत्रिक मर्यादा और संविधान की भावना पर सवाल खड़ा करता है।
अनुपम ने कहा, “मंच का नहीं, मानसिकता का शुद्धिकरण जरूरी है। हवन और गंगाजल से किसी मंच को तो शुद्ध किया जा सकता है, लेकिन सदियों से चली आ रही जातिवादी सोच का शुद्धिकरण सामाजिक चेतना, समानता और संविधान के मूल्यों से ही संभव है।” उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि राजनीतिक दल और समाज के जिम्मेदार लोग संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को मजबूत करें। लोकतंत्र में राजनीतिक संघर्ष और असहमति हो सकती है, लेकिन किसी व्यक्ति के साथ उसकी जाति के आधार पर भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता।
मार्च में कांग्रेसजनों, युवाओं, छात्रों, महिलाओं, दलित-पिछड़े वर्गों तथा सामाजिक न्याय और संविधान में विश्वास रखने वाले लोगों ने भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना और तिरंगा हाथों में लेकर संदेश दिया कि लोकतांत्रिक भारत में जाति के आधार पर किसी भी प्रकार के भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं है।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय की स्थापना और जातिवाद के खिलाफ संघर्ष को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

