महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष की राजनीति, महिलाओं के साथ विश्वासघात : मीना झा
दरभंगा, 28 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा सांगठनिक जिला दरभंगा पूर्वी अंतर्गत अलीनगर पूर्वी मंडल के नरमा गांव में भाजपा जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह के आवास पर महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री (महिला मोर्चा) मीना झा, जिलाध्यक्ष विनय कुमार पासवान सहित पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस का मुख्य विषय महिला सम्मान, महिला सशक्तिकरण तथा हाल ही में पारित महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष की भूमिका रहा। इस दौरान भाजपा महिला नेत्री मीना झा ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि संसद में महिला आरक्षण बिल को लेकर जिस प्रकार की नकारात्मक राजनीति की गई, वह देश की करोड़ों महिलाओं की उम्मीदों के साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक महिलाओं को उनके अधिकार और राजनीतिक भागीदारी दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, लेकिन विपक्ष अपनी संकीर्ण सोच के कारण इसका विरोध कर रहा है।
जिलाध्यक्ष विनय कुमार पासवान ने कहा कि भाजपा हमेशा से महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े सख्त कानूनों के माध्यम से महिलाओं को हर स्तर पर मजबूत किया गया है।
भाजपा जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने कहा कि विपक्ष का महिला आरक्षण बिल का विरोध यह दर्शाता है कि उन्हें महिलाओं के अधिकारों से अधिक अपनी राजनीतिक जमीन की चिंता है। उन्होंने कहा कि देश की माताएं, बहनें और बेटियां अब जागरूक हो चुकी हैं और समय आने पर इसका जवाब जरूर देंगी।
मंडल अध्यक्ष लाल मुखिया ने कहा कि भाजपा की नीति गांव-गांव तक स्पष्ट है—नारी शक्ति को सम्मान और अधिकार देना। वहीं, अल्पसंख्यक मोर्चा मंडल अध्यक्ष निखत प्रवीण ने कहा कि भाजपा सरकार ने मुस्लिम समाज की महिलाओं के हित में भी कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिससे उन्हें सामाजिक न्याय और सम्मान मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

