छह अप्रैल को भाजपा 45 वर्षो की यात्रा करेगी पूरी, स्थापना दिवस समारोह का होगा आयोजन: संजय सरावगी

WhatsApp Channel Join Now
छह अप्रैल को भाजपा 45 वर्षो की यात्रा करेगी पूरी, स्थापना दिवस समारोह का होगा आयोजन: संजय सरावगी


पटना, 04 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि आगामी छह अप्रैल को भाजपा की 45 वर्षों की यात्रा पूरी हो रही है। इस स्थापना समारोह को मनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी तैयारी में जुटे हैं। इस स्थापना समारोह में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पटना प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा इन 45 वर्षों में शून्य से शिखर होकर विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने का गौरव प्राप्त किया है। पार्टी की विशिष्ट विचारधारा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और सरकार की उपलब्धियाँ तथा कार्यकर्ताओं के त्याग व परिश्रम को देश की जनता सराहना कर रही है।

उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों का अपार जनसमर्थन भाजपा को मिल रहा है और पार्टी का विस्तार भी हो रहा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।

पिछले स्थापना दिवस के अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक बयान को उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने कहा था कि भाजपा 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' के मंत्र के साथ काम कर रही है। हमारा समर्पण है मां भारती को, हमारा समर्पण है देश के कोटि-कोटि जनों को, हमारा समर्पण है देश के संविधान को। आज भाजपा विकास का पर्याय है, विश्वास का पर्याय है, नए विचार का पर्याय है और देश की विजय का पर्याय है।

पीएम मोदी ने पार्टी की कार्यशैली को लेकर बताया था कि भाजपा की कार्यशैली सर्वसमावेशी है, सर्वस्पर्शी है, सर्वजन का हित करने वाली है। भारतीय जनता पार्टी एक दल नहीं, एक विचार है जिसका ध्येय राष्ट्र निर्माण है, जन कल्याण है। भाजपा मतलब मिशन, भाजपा मतलब समाज सेवा, भाजपा मतलब समाज का सशक्तिकरण, भाजपा मतलब नए भारत का निर्माण।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा करते हुए कहा कि आज राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संगठन लगातार सशक्त हो रहा है और जनसेवा के कार्यों को नई ऊर्जा और गति मिल रही है।

छह अप्रैल को स्थापना समारोह के मौके पर बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक कई कार्यक्रम होंगे, जिसमें लाखों कार्यकर्ता इस कार्यक्रम को सफल करने में जुटेंगे।

उन्होंने कहा कि पांच से सात अप्रैल को पार्टी कार्यालय की सजावट की जाएगी, छह अप्रैल को विकास यात्रा होगी। कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर भाजपा का ध्वजारोहण करेंगे। नेताओं का प्रवास भी छह अप्रैल को होगा और उनका उद्बोधन भी होगा। 6 या 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों के साथ स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक और सक्रिय सदस्य स्थापना दिवस मनाएंगे।

आठ और नौ अप्रैल को जिला कार्यालय में सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न चयनित विषयों जैसे भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और चुनावी सफलताओं में जन समर्थन पर चर्चा की जाएगी। इसमें वक्ता जिला और प्रदेश के नेता होंगे।

सात से 12 अप्रैल तक गांव-बस्ती चलो अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सभी पार्षद, पंचायत सदस्यों के ऊपर के जनप्रतिनिधियों सहित पार्टी के सभी कार्यकर्ता भाग लेंगे। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा, गणमान्य लोगों से संपर्क और उनका सम्मान किया जाएगा, एनडीए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। लाभार्थियों से भी बातचीत की जाएगी।

संजय सरावगी ने कहा कि विपक्ष के पास न नीति है, न नेतृत्व और न नीयत है, सिर्फ भ्रम और झूठ की राजनीति कर रहे हैं। भाजपा विश्वास और विकास की राजनीति करती है। पीएम मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। निश्चित रूप से जब बिहार विकसित होगा, तभी भारत विकसित होगा।

उन्होंने कहा कि बिहार की एनडीए सरकार में भाजपा की बड़ी भूमिका है। बिहार विकसित प्रदेश की श्रेणी में आये, इसके लिए भाजपा संगठन भी प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस स्थापना सप्ताह के मौके पर गैर-राजनीतिक पार्टी के परिवार के युवाओं को भाजपा से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। छह अप्रैल को आयोजित स्थापना समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा।

इस प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री सह स्थापना दिवस समारोह के प्रभारी राधा मोहन शर्मा, पूर्व विधायक सह प्रवक्ता उषा विद्यार्थी, प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल और मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल भी उपस्थित रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story