रमजान पर छूट तो रामनवमी पर क्यों नहीं : संजय जायसवाल
पटना, 18 मार्च (हि.स.)। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने शनिवार को कहा कि जब रमजान पर छूट मिल सकती है तो रामनवमी पर भी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी आने वाले दिनों में रामनवमी का त्योहार होने वाला है। हिंदुओं को तो सुबह से ही इस पूजा की तैयारी में बैठना पड़ता है। हर हिंदू के घर में रामनवमी होती है, तो फिर हिंदुओं को भी छूट मिलनी चाहिए। उनको क्यों नहीं छूट मिलेगी। इस तरह से किसी जाति विशेष के लिए अलग से छूट देना उचित नहीं हैं।
संजय जायसवाल ने कहा कि इतने दिनों में कल हम लोगों ने पहली बार एक नया तरीका देखा, जिसमें रमजान के मौके पर मुस्लिम कर्मियों को एक घंटा पहले आने और जाने की छूट दी गई है। इसके बाद अब यह साफ हो गया है कि अगस्त महीने में जो यह सरकार बनी है वह पीएफआई के जुड़े हुए लोगों की सरकार है। पूरे देश में और बिहार में ऐसा कभी नहीं होता था यह अलग से नियम करना यह संकेत है कि सरकार में जो अफसर बैठे हैं वह पीएफआई के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव बी राजेन्दर ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। इसमें यह कहा गया है कि रमजान के मौके पर मुस्लिम धर्म के सरकारी सेवकों के लिए कार्यालय का समय बदला जायेगा। उन्हें नियत समय से एक घंटा पहले आने और एक घंटा पहले जाने की छूट होगी।
हिन्दुस्थान समाचार /गोविन्द
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।