भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने वरिष्ठ जनसंघ कार्यकर्ता जोहन राम के निधन पर शोक व्यक्त किया

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 06 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी बिहार के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने वरिष्ठ जनसंघ कार्यकर्ता, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं अरवल जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष जोहन राम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

90 वर्षीय जोहन राम अरवल जिले के करपी के रहने वाले थे। उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा प्रदेश कार्यालय में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।

संजय सरावगी ने कहा कि जोहन राम ने अपना पूरा जीवन राष्ट्रवादी विचारधारा और संगठन की सेवा में समर्पित कर दिया। जनसंघ के समय से ही संगठन से जुड़े जोहन राम तृतीय वर्ष प्रशिक्षित कार्यकर्ता थे। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और विचारधारा को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका अनुशासन, निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

उन्होंने कहा कि जोहन राम का राजनीतिक और सामाजिक जीवन भी काफी सक्रिय रहा। वर्ष 1972 में उन्होंने जहानाबाद के मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें महज 3,800 मतों से हार का सामना करना पड़ा। चुनाव में पराजय के बावजूद उन्होंने जनसेवा और संगठन के कार्यों से अपना नाता नहीं तोड़ा तथा लगातार सक्रिय रहे।

संजय सरावगी ने कहा कि वर्ष 2001 में जोहन राम कांको, जहानाबाद से जिला परिषद सदस्य चुने गए। इसके बाद वर्ष 2006 में अरवल जिले के वंशी से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुए। उन्होंने अरवल जिला परिषद के उपाध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई और क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई।

उन्होंने बताया कि जोहन राम जहानाबाद-अरवल संयुक्त संगठन जिला के महामंत्री तथा बाद में अरवल जिला के जिला महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक दायित्वों का भी निर्वहन कर चुके थे। वर्तमान में वह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य के रूप में संगठन को अपना मार्गदर्शन दे रहे थे।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जोहन राम जैसे वरिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ताओं का जीवन पार्टी की विचारधारा के प्रति अटूट निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उनके निधन से भाजपा ने एक अनुभवी, कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता खो दिया है। संजय सरावगी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story