भागलपुर में धूमधाम से मना तेजस्वी प्रसाद यादव का 37वां जन्मदिन

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर में धूमधाम से मना तेजस्वी प्रसाद यादव का 37वां जन्मदिन


भागलपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष सह बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव का 37वां जन्मदिन सोमवार को बरहपुरा स्थित इरशाद विवाह भवन में धूमधाम से मनाया गया।

युवा राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष नूर हसन फरीदी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने केक काटकर और मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने कहा कि तेजस्वी प्रसाद यादव के विचारों को गांव-गांव तक ले जाने की आवश्यकता है।

इस दौरान उपस्थित राजद कार्यकर्ताओं ने इसके लिए संकल्प भी लिया। डॉ. हिमांशु ने कहा कि तेजस्वी यादव की राजनीति विकास की मुख्य धारा—'पढ़ाई, कमाई, दवाई, सिंचाई और कार्रवाई' वाली सरकार के इर्द-गिर्द केंद्रित रही है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित और महादलित के साथ-साथ अगड़ी जातियों को भी साथ लेकर चलने की बात करते हैं।

उन्होंने बिहार में जाति आधारित गणना कराने और उसके आधार पर आरक्षण लागू करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि राजद नेता हमेशा से किसानों को समय पर पानी, खाद, बिजली और उपज का समर्थन मूल्य दिलाने, युवाओं को अविलंब रोजगार देने तथा देश में सरकारी संस्थाओं के निजीकरण को बंद करने की वकालत करते रहे हैं।

इस अवसर पर राजद जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, गौतम बनर्जी, मोहम्मद नियाज जफर, मोहम्मद इरशाद फतेहपुरी, मोहम्मद उस्मान, मोहम्मद मुजम्मिल, विकेश कुमार, पंकज कुमार, विवेक चौधरी, प्रीतम कुमार, सुमंत यादव, मोहम्मद रियाजुल और मोहम्मद सरफराज सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story