वीरपुर में सफाई कर्मियों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी, 13 वार्डों में कचरे का अंबार

WhatsApp Channel Join Now
वीरपुर में सफाई कर्मियों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी, 13 वार्डों में कचरे का अंबार


सुपौल, 12 जुलाई (हि.स.)। जिले के वीरपुर नगर पंचायत में सफाई कर्मियों की हड़ताल लगातार पांचवें दिन भी जारी रहने से नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

नगर के सभी 13 वार्डों में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों, बाजारों और मोहल्लों में गंदगी फैल गई है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द सफाई व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।हड़ताल के चलते नियमित कचरा उठाव पूरी तरह बंद है। जगह-जगह जमा कचरे से उठ रही दुर्गंध के कारण राहगीरों को नाक बंद कर या मुंह पर रुमाल रखकर गुजरना पड़ रहा है। बारिश के कारण कचरा सड़कों पर फैलने से हालात और गंभीर हो गए हैं।

स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने कहा कि शादी-विवाह के मौसम में ऐसी स्थिति से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।लोगों की बढ़ती शिकायतों के बाद नगर प्रशासन ने जेसीबी मशीन से बाजार क्षेत्र का कचरा हटाने का प्रयास किया।

इसकी जानकारी मिलते ही सफाई कर्मी मौके पर पहुंच गए और जेसीबी से कचरा उठाने का विरोध करते हुए मशीन को वापस लौटा दिया। कर्मियों ने साफ कहा कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक शहर में कचरा उठाने नहीं दिया जाएगा।वार्ड संख्या 11 की पार्षद जाहिदा परवीन ने कहा कि उन्हें प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की शिकायतें मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि बारिश और गंदगी के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। वहीं पूर्व पार्षद तनवीर आलम ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सफाई व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो महामारी फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

तनवीर आलम ने पूर्व कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यकाल में स्वच्छता मद की राशि के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि स्वच्छता मद की राशि अन्य कार्यों में खर्च कर दी गई, जिससे सफाई कर्मियों के भुगतान में समस्या उत्पन्न हुई। उन्होंने यह भी दावा किया कि करीब पांच करोड़ रुपये के ऐसे सामान खरीदे गए, जिनकी तत्काल आवश्यकता नहीं थी और वे आज भी नगर पंचायत के स्टोर में पड़े हैं।

नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी देवर्षि रंजन ने बताया कि सफाई कर्मियों के साथ वार्ता हो चुकी है और सोमवार से सफाई व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि कर्मियों के बकाया भुगतान का निपटारा कर दिया गया है। कुछ पुराने सफाई कर्मी संविदा पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। इस विषय पर सोमवार को होने वाली नगर पंचायत की सामान्य बोर्ड बैठक में चर्चा कर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story