वीरपुर में सात दिवसीय शौर्य शिविर शुरू, उत्तर बिहार की 150 युवतियां लेंगी आत्मरक्षा का प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
वीरपुर में सात दिवसीय शौर्य शिविर शुरू, उत्तर बिहार की 150 युवतियां लेंगी आत्मरक्षा का प्रशिक्षण


सुपौल, 03 जून (हि.स.)। नगर के केशव नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में बुधवार से सात दिवसीय शौर्य शिविर का शुभारंभ हुआ।

भूमि पूजन के साथ शुरू हुए इस प्रशिक्षण शिविर में उत्तर बिहार के 21 जिलों से पहुंची करीब 150 युवतियां और महिलाएं भाग ले रही हैं। शिविर का आयोजन 10 जून तक किया जाएगा। शिविर के उद्घाटन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमि पूजन संपन्न कराया गया।

इस दौरान महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की कामना की गई। कार्यक्रम में दुर्गा वाहिनी की उत्तर बिहार संयोजिका शिवानी देव सहित कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहीं। मौके पर मातृ शक्ति उत्तर बिहार की प्रांत संयोजिका अनीता गुप्ता, पूर्णिया जिला मातृ शक्ति संयोजिका भारती देवी, बजरंग दल के जिला संयोजक मुकेश कुमार यादव समेत विभिन्न जिलों से आई महिला कार्यकर्ताओं और प्रशिक्षुओं ने भाग लिया।

आयोजकों ने बताया कि शिविर के दौरान प्रतिभागियों को आत्मरक्षा से जुड़े कई व्यावहारिक प्रशिक्षण दिए जाएंगे। इसमें दंड संचालन, तलवार संचालन, यष्टि प्रशिक्षण, जूडो-कराटे, समता योग तथा अन्य शारीरिक अभ्यास शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास का विकास करना है। शिविर में केवल शारीरिक प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, मानसिक दृढ़ता और सामाजिक दायित्वों से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके माध्यम से युवतियों को समाज और राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। ऐसे शिविर न केवल सुरक्षा संबंधी कौशल प्रदान करते हैं, बल्कि महिलाओं में आत्मनिर्भरता, साहस और निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित करते हैं। शिविर को लेकर प्रतिभागियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। आयोजकों को उम्मीद है कि यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और व्यक्तित्व विकास की दिशा में प्रभावी साबित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story