वीरपुर नगर पंचायत के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध

WhatsApp Channel Join Now
वीरपुर नगर पंचायत के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध


सुपौल, 31 जुलाई (हि.स.)। बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर वीरपुर नगर पंचायत के कर्मचारियों ने शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी।

हड़ताल के पहले दिन कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और सरकार से लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

आंदोलन में नगर पंचायत के स्थायी, दैनिक, संविदा, आउटसोर्सिंग और ठेका कर्मियों ने भाग लिया। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

ऐसे में वे अपनी मांगों के समर्थन में राज्यव्यापी आंदोलन में शामिल हुए हैं।संयुक्त रूप से लेखापाल सत्यनारायण चौधरी, प्रधान सहायक अरुण राय, टैक्स दरोगा अनिल चौधरी तथा अमरेंद्र सिंह ने बताया कि आंदोलन की प्रमुख मांगों में दैनिक कर्मियों का नियमितीकरण एवं सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करना, ठेका और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करना तथा एपीसी/एमएससीपी योजना का पूर्ण क्रियान्वयन कर बकाया राशि का भुगतान शामिल है।

कर्मचारियों ने कहा कि 30 जुलाई से शुरू हुआ यह राज्यव्यापी आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।उल्लेखनीय है कि हड़ताल लंबी चलने की स्थिति में नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था, कर संग्रहण, कार्यालयी कार्यों सहित अन्य नागरिक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि कर्मचारियों ने कहा कि वे अपने अधिकारों और सेवा सुरक्षा की मांग को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन जारी रखेंगे।

प्रदर्शन में खुशबू कुमारी, अरुण शर्मा, गजेंद्र राउत, अमित कुमार, प्रमोद गोठिया, प्रदीप मटियैत, संदीप कुमार, जितेन्द्र राउत, सुरेंद्र रजक, मनीष पंडित, उमेश राउत, दशरथ यादव, टिपू आलम, मनोज मरीक, श्याम यादव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story