सुपौल के वीरपुर एयरपोर्ट को मिली नई उड़ान, विस्तार के लिए 29.56 करोड़
सुपौल, 03 जुलाई (हि.स.)।
बिहार मेंकोसी क्षेत्र के लोगों के लंबे इंतजार के बीच वीरपुर हवाई अड्डे के विकास को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बिहार कैबिनेट ने वीरपुर एयरपोर्ट के विस्तार और विकास के लिए 29 करोड़ 56 लाख 99 हजार 196 रुपये की मंजूरी दे दी है।
इस राशि से एयरपोर्ट विस्तार के लिए आवश्यक 88.83 एकड़ अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। कैबिनेट के इस फैसले के बाद वर्षों से लंबित एयरपोर्ट परियोजना को नई गति मिलने की उम्मीद जगी है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि एयरपोर्ट के विकसित होने से न सिर्फ हवाई संपर्क बेहतर होगा, बल्कि पूरे इलाके के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।जानकारी के अनुसार, वीरपुर एयरपोर्ट के पूर्वी हिस्से में करीब 1,800 मीटर लंबा और 30 मीटर चौड़ा क्षेत्र विकसित किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता थी, जिसके अधिग्रहण हेतु अब नई राशि स्वीकृत की गई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी राज्य सरकार एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए करीब 43 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे चुकी है। नई मंजूरी मिलने से परियोजना के कार्यों में तेजी आने की संभावना बढ़ गई है।वीरपुर के एसडीएम नीरज कुमार के अनुसार, एयरपोर्ट विकास को लेकर भू-अर्जन की प्रक्रिया पहले से जारी है। प्रभावित रैयतों से आवश्यक दस्तावेज लिए जा चुके हैं और कई मामलों में मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
प्रशासन का कहना है कि अतिरिक्त राशि मिलने से शेष भूमि अधिग्रहण और एयरपोर्ट के व्यवस्थित विकास का मार्ग और आसान होगा।परियोजना से जुड़ी एक और महत्वपूर्ण संभावना भी सामने आई है। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह ने कहा है कि वीरपुर एयरपोर्ट पर भविष्य में पायलट ट्रेनिंग स्कूल शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक मंजूरी या समयसीमा तय नहीं की गई है, लेकिन यदि योजना साकार होती है तो वीरपुर केवल हवाई सेवाओं का केंद्र ही नहीं, बल्कि विमानन प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र भी बन सकता है।विशेषज्ञों का मानना है कि वीरपुर एयरपोर्ट के विकसित होने से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
एयरपोर्ट के आसपास होटल, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और अन्य सेवाओं से जुड़े व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही नेपाल सीमा से सटे इस इलाके की कनेक्टिविटी मजबूत होने से क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद लोगों की नजर भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य की प्रगति पर टिकी है। यदि परियोजना तय समयसीमा में आगे बढ़ती है, तो वीरपुर एयरपोर्ट कोसी क्षेत्र के विकास का नया अध्याय लिख सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

