बाइक चोर गिरोह के चार सदस्य तीन चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार
अररिया 11 अगस्त(हि.स.)।
अररिया आरएस जेल गेट के पास चोरी हुई बाइक के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए बाइक चोर गिरोह के चार सदस्यों की तीन चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया। सोमवार देर शाम सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी।
सदर एसडीपीओ के अनुसार, 5 अगस्त को मंडल कारा के समीप से सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या बीआर 38आर 8059 चोरी होने के संबंध में आरएसओ थाना कांड संख्या 184/26 दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी अनुसंधान, डाटा विश्लेषण एवं सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की।
जांच के दौरान चोरी की घटना में शामिल गिरोह की लोकेशन फुलकाहा थाना क्षेत्र में पाई गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संबंधित थाना पुलिस के सहयोग से चिन्हित ठिकानों पर छापेमारी कर गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।
गिरफ्तार आरोपी में बथनाहा वार्ड संख्या 3 के 21 वर्षीय नीतीश कुमार, जोगबनी के अमौना वार्ड संख्या 21 के 20 वर्षीय मो.मंजूर, फुलकाहा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 निवासी 25 वर्षीय सूरज कुमार यादव और फुलकाहा थाना क्षेत्र के औराही वार्ड संख्या 13 के 22 वर्षीय गौरव कुमार पड़रिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में पुलिस का अनुसंधान जारी है।
छापेमारी टीम में आरएसओ थानाध्यक्ष अंकुर कुमार, एसआई त्रिपुरारी कुमार, डीआईयू टीम एवं आरएस थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

