बाइक सवार तीन अपराधियों ने व्यापारी को घेरा, 35 हजार लूटे, विरोध पर चलाई गोली

WhatsApp Channel Join Now
बाइक सवार तीन अपराधियों ने व्यापारी को घेरा, 35 हजार लूटे, विरोध पर चलाई गोली


सुपौल, 12 सितंबर (हि.स.)। जिले के जदिया थाना क्षेत्र के रानीगंज-त्रिवेणीगंज सड़क मार्ग स्थित तमकुलहा पुल के समीप एनएच-327ई पर शनिवार को दिनदहाड़े पल्सर बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने दो मवेशी व्यापारियों को घेरकर 35 हजार रुपये लूट लिए।

लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने गोली चला दी। गोली एक व्यापारी की कमर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह जख्मी हो गया। घटना के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई लूट और गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

घायल व्यापारी की पहचान मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र के कुमारखंड वार्ड संख्या सात निवासी इस्लाम खान के पुत्र सोनू खान (20) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल सोनू को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

घायल सोनू खान ने बताया कि वह अपने साथी व्यापारी मोहम्मद खुर्शीद आलम के साथ बघला से बकरी बेचकर एक ही बाइक से अपने घर कुमारखंड लौट रहा था। इसी दौरान तमकुलहा पुल के समीप पीछे से पल्सर बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक को घेर लिया। अपराधियों ने हथियार के बल पर दोनों से रुपये छीनने शुरू कर दिए।

सोनू ने बताया कि उसने लूटपाट का विरोध किया तो अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। गोली उसकी कमर को छूते हुए निकल गई। इसके बाद अपराधी उसके पास से 30 हजार रुपये और बाइक पर पीछे बैठे दूसरे व्यापारी खुर्शीद आलम के पास से पांच हजार रुपये लेकर फरार हो गए। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. प्राची कश्यप ने बताया कि घायल को रोड रॉबरी की घटना में अस्पताल लाया गया है। उसकी कमर पर गहरा जख्म है। जख्म को देखने से प्रतीत होता है कि गोली कमर को छूते हुए निकली है।

फिलहाल घायल का इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने बताया कि 35 हजार रुपये की लूट हुई है और गोली भी चली है। मामले की जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि घटनास्थल का जायजा लिया गया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story