बिहार के गौरवशाली इतिहास पुनः प्रतिष्ठित किया जाए : मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
बिहार के गौरवशाली इतिहास पुनः प्रतिष्ठित किया जाए : मुख्यमंत्री


पटना, 20 जुलाई (हि.स.)।

मुख्यमंत्री सम्राट चैधरी ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत सोमवार को पाटलिपुत्र जंक्शन पटना से सोमनाथ यात्रा का शुभारंभ करते हुए 1,150 श्रद्धालुओं के जत्थे के स्पेशल रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हजार वर्ष पूर्व सोमनाथ मंदिर को लूटा गया। नालंदा विश्वविद्यालय को भी आक्रांताओं ने बर्बाद किया। 75 वर्ष पूर्व सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया, जिसमें बिहार के लाल डॉ राजेन्द्र प्रसाद शामिल हुये थे। बिहार का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है और हम सबका संकल्प है कि इस गौरवशाली विरासत को पुनः प्रतिष्ठित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि बिहार की सनातन परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना का संदेश पूरे देश तक पहुंचाने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि यात्रा के साथ जा रहे ध्वज एवं कलश बिहार की आस्था, स्वाभिमान और सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक हैं। यह यात्रा कई राज्यों से होकर गुजरेगी, इसमें श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ख्याल रखा गया है। आप सभी श्रद्धालुओं से आग्रह है कि यात्रा के दौरान बिहार की आस्था और स्वाभिमान का संदेश फैलायें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान सोमनाथ के आशीर्वाद से गुजरात और देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और देश नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भगवान सोमनाथ की कृपा से बिहार भी विकास, समृद्धि और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए शिखर को प्राप्त करेगा। आप सबसे आग्रह है कि भगवान सोमनाथ के दर्शन के साथ-साथ काशी विश्वनाथ के भी दर्शन करें तथा बिहार के सुख, शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास के लिए आशीर्वाद प्राप्त करें।

यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री ने ट्रेन में जाकर भेंट की, सुविधाओं की जानकारी ली और उनके सुखद यात्रा की कामना की। मुख्यमंत्री ने बिहारवासियों की तरफ से श्रद्धालु शोभा सिंह को कलश तथा अजीत कुमार को ध्वज सौंपा। कार्यक्रम का आयोजन सोमनाथ स्वाभिमान पर्व (अटूट आस्था की गौरव गाथा) की भावना के अनुरूप श्रद्धा, सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्रीय गौरव के वातावरण में संपन्न हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story