हर बिहारी का लक्ष्य हो कि बिहार को कैसे आगे बढ़ाएं : श्रेयसी सिंह

WhatsApp Channel Join Now
हर बिहारी का लक्ष्य हो कि बिहार को कैसे आगे बढ़ाएं : श्रेयसी सिंह


पटना, 20 अगस्त (हि.स.)। बिहार की उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि हर बिहारी का एक ही लक्ष्य होना चाहिए कि बिहार को कैसे आगे बढ़ाया जाए। सामूहिक प्रयास और सतत विकास से ही विकसित बिहार की परिकल्पना साकार हो सकती है। इस दिशा में सभी को गंभीरता से मंथन करना होगा।

श्रेयसी सिंह गुरुवार को अधिवेशन भवन में आयोजित 'बिहार एसडीजी कॉन्क्लेव-2026' को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने बिहार के विकास के लिए राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि जब बिहार समृद्ध होगा, तभी भारत विकसित होगा। उन्होंने कहा कि नीयत सही हो तो जिला और राज्य दोनों का विकास संभव है।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को लगातार आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। इसका असर विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने पुलिस विभाग का उदाहरण देते हुए कहा कि आज बड़ी संख्या में महिलाएं पुलिस सेवा में अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं।

श्रेयसी सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में बिहार में कई बड़े उद्योग स्थापित होंगे। इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कहा कि बिहार की ग्रामीण सड़कें भी देश के अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर हुई हैं। इसके कारण गांवों में तैयार होने वाले उत्पाद तेजी से शहरों तक पहुंच रहे हैं। राज्य में एक्सप्रेस-वे के साथ सड़क और रेल नेटवर्क के विकास पर भी तेजी से काम हो रहा है।

मंत्री ने कहा कि अब गांवों में बिजली आपूर्ति की स्थिति भी काफी बेहतर हुई है। बिहार देश के विकास में तेजी से योगदान दे रहा है, हालांकि विकास की इस गति में अन्य राज्यों की अपेक्षित भागीदारी भी जरूरी है।

विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने इस मौके पर कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार में काफी बदलाव आया है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story