सार्वजनिक जगहों पर नहीं बजेंगे अश्लील और दोहरे अर्थ के गाने : सम्राट चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
सार्वजनिक जगहों पर नहीं बजेंगे अश्लील और दोहरे अर्थ के गाने : सम्राट चौधरी


पटना, 05 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अश्लील और दोहरे अर्थ वाले गानों के प्रसारण पर रोक लगाने के लिए सभी जिलों में विशेष अभियान चलाने और ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट और सख्त लहजे में कहा है की सार्वजनिक स्थानों, समारोहों और वाहनों में इस तरह के गानों का प्रसारण किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने निर्देश जारी करते हुए गुरुवार काे कहा कि दोहरे अर्थ वाले और अश्लील गाने समाज के लिए गंभीर समस्या बन चुके हैं। इस तरह के गाने बच्चों की सोच पर भी गलत असर डालते हैं। यह एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

सार्वजनिक स्थानों और वाहनों में ऐसे गानों के प्रसारण से महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा प्रभावित होती है तथा वे असहज महसूस करती हैं।

सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि वह अश्लील और दोहरे अर्थ वाले गानों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करे। होली पर्व पर भी सभी जिलों में विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296, 79 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। जरूरत पड़ने पर साउंड सिस्टम जब्त करने और आयोजकों और वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ कहा कि समाज में स्वस्थ और सुरक्षित माहौल बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। महिलाओं की गरिमा और बच्चों के भविष्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story