बिहार पुलिस सप्ताह: सुपौल में नशामुक्ति को लेकर प्रभातफेरी

WhatsApp Channel Join Now
बिहार पुलिस सप्ताह: सुपौल में नशामुक्ति को लेकर प्रभातफेरी


सुपौल, 25 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार पुलिस सप्ताह के अवसर पर बुधवार को जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। चौथे दिन बिहार पुलिस के निर्देश पर सुपौल जिलान्तर्गत राजेश्वरी थाना पुलिस द्वारा नशामुक्ति जागरूकता अभियान के तहत प्रभातफेरी निकाली गई।

प्रभातफेरी के दौरान पुलिसकर्मियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर स्थानीय बाजार एवं रिहायशी इलाकों में भ्रमण किया तथा लोगों से मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

इस अवसर पर आमजनों को साइबर अपराधों के प्रति भी सजग रहने की सलाह दी गई और सोशल मीडिया के माध्यम से चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में पुलिस पदाधिकारियों ने युवाओं से विशेष रूप से नशे से दूर रहकर समाज निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story