सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल में मंत्री बनें नीतीश मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल में मंत्री बनें नीतीश मिश्रा


पटना, 07 मई (हि.स.)। बिहार की राजनीति में लंबे अनुभव और प्रशासनिक दक्षता के लिए पहचाने जाने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता नीतीश मिश्रा ने सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ लेकर एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली है।

मधुबनी जिले के झंझारपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक नीतीश मिश्रा संगठन और सरकार दोनों में अपनी सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाते हैं।

पटना में 9 जुलाई, 1973 को जन्मे नीतीश मिश्रा बिहार की राजनीति के प्रतिष्ठित परिवार से आते हैं। उनके पिता जगन्नाथ मिश्रा तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे। राजनीतिक विरासत के साथ-साथ अपनी कार्यशैली और प्रशासनिक अनुभव के दम पर उन्होंने अलग पहचान बनाई है।

नीतीश मिश्रा ने 13वीं, 14वीं, 15वीं और वर्तमान 17वीं बिहार विधानसभा में झंझारपुर का प्रतिनिधित्व किया है। वर्ष 2005 से 2015 के बीच उन्होंने बिहार सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। ग्रामीण विकास मंत्रालय, समाज कल्याण विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग (स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री) और गन्ना विकास विभाग (स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री) जैसे अहम विभागों में उन्होंने अपनी प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया।

संगठनात्मक अनुभव, राजनीतिक सूझबूझ और विकासोन्मुखी सोच के कारण नीतीश मिश्रा भाजपा के अनुभवी और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। मंत्रिमंडल में उनकी वापसी को बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story